माता-पिता को कमरे में बाहर से बंद कर युवती ने लगाई फांसी, मौत से पहले के घटनाक्रम ने बढ़ाया रहस्य

Follow Us

धमतरी। मगरलोड नगर पंचायत के वार्ड नंबर-4 में 26 वर्षीय युवती की फांसी लगाकर मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान लता सिन्हा के रूप में हुई है। घटना से पहले युवती ने कथित तौर पर अपने माता-पिता को कमरे में बाहर से बंद कर दिया था। दोनों रातभर कमरे में कैद रहे और उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी कि घर के हॉल में उनकी बेटी ने फांसी लगा ली है।

मृतका के पिता हीरालाल सिन्हा के मुताबिक, घटना की रात परिवार ने साथ में खाना खाया था। इसके बाद वह और उनकी पत्नी कमरे में बैठकर टीवी देख रहे थे। इसी दौरान लता कमरे के पास आई और दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया। माता-पिता ने आवाज लगाई, लेकिन उन्हें लगा कि बेटी मजाक कर रही है। काफी देर बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो दोनों रातभर कमरे में ही बंद रहे।

सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर माता-पिता ने फोन के जरिए रिश्तेदारों को इसकी जानकारी दी। रिश्तेदारों के साथ ग्रामीण मौके पर पहुंचे और डायल-112 को सूचना दी गई। टीम ने घर का मुख्य दरवाजा खुलवाने के बाद कमरे में लगे ताले को तोड़ा। बाहर निकलकर माता-पिता हॉल में पहुंचे तो वहां लता फंदे पर लटकी मिली।


Read more:- नाबालिगों को ब्लैकमेल कर जेवर-नकदी उगाही करने वाले पति-पत्नी गिरफ्तार, 11 साल की बच्ची से चोरी करवाते थे सोना


घटना के बाद पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। पुलिस कॉल डिटेल और मोबाइल में मौजूद अन्य जानकारियों की जांच कर रही है, ताकि घटना से पहले युवती किन लोगों के संपर्क में थी और उसकी किन लोगों से बातचीत हो रही थी, इसका पता लगाया जा सके। बैगा से पूछताछ किए जाने की बात भी सामने आई है।

माता-पिता को कमरे में बंद करने के बाद हॉल में युवती द्वारा फांसी लगाए जाने का घटनाक्रम फिलहाल पुलिस के लिए जांच का महत्वपूर्ण बिंदु बना हुआ है। युवती ने यह कदम क्यों उठाया, इसके पीछे कोई व्यक्तिगत या अन्य कारण था या नहीं, इन सभी पहलुओं की पुलिस जांच कर रही है। फिलहाल किसी कारण या व्यक्ति की भूमिका की पुष्टि नहीं हुई है।


Read more:- साइबर सुरक्षा और ग्राम शांति को लेकर पुलिस अधीक्षक ने जनप्रतिनिधियों के साथ की बैठक


मगरलोड थाने में पिता हीरालाल सिन्हा की रिपोर्ट पर मर्ग कायम किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही युवती की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।