रायपुर। राजधानी रायपुर के देवेंद्र नगर मुक्तिधाम में विंग कमांडर विपुल यादव का अंतिम संस्कार किया गया। 8 साल के बेटे आराध्य ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। एयरफोर्स के प्रोटोकॉल के तहत उनके सम्मान में हवाई फायरिंग की गई। इस दौरान उनके परिजन, पत्नी और बच्चे भावुक नजर आए।
विपुल यादव ने 11 मार्च को पुरैना स्थित विधायक कॉलोनी के बंगला नंबर-79 में फांसी लगा ली थी। घटना के वक्त घर में उनके दोनों बच्चे दूसरे कमरे में सो रहे थे, जबकि उनकी पत्नी दिल्ली गई हुई थीं। घटना की जानकारी घर में काम करने वाली मेड ने पुलिस को दी।
परिजनों ने पत्नी पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पत्नी विपुल को घर में किसी से बात नहीं करने देती थी। अंतिम संस्कार में पहुंचे विपुल के पिता डॉक्टर राजबहादुर यादव अपने बेटे को याद कर भावुक हुए। उन्होंने कहा कि मेरा बेटा मजबूत था, बहुत ज्यादा प्रताड़ित होने के बाद उसने ऐसा कदम उठाया होगा। जांच होनी चाहिए।
