जांजगीर-चांपा । शिक्षक दिवस के अवसर पर जांजगीर-चांपा पुलिस ने साइबर जागृति अभियान के चतुर्थ सप्ताह के तहत जिलेभर में विशेष साइबर जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय आईपीएस के निर्देशन में आयोजित अभियान में शिक्षकों और विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। साथ ही शिक्षकों को ‘साइबर शिक्षक बनकर समाज में साइबर सुरक्षा का संदेश आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने जिले के विभिन्न स्कूलों एवं शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर शिक्षकों और छात्र-छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान साइबर ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी अधिकारी बनकर किए जाने वाले कॉल, ओटीपी साझा करने के खतरे और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी सुरक्षित रखने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
‘मैं हूं साइबर शिक्षक ने बढ़ाई जनभागीदारी
शिक्षक दिवस पर चलाए गए ‘मैं हूं साइबर शिक्षक अभियान को व्यापक जनभागीदारी मिली। शिक्षकों और नागरिकों ने अभियान से जुड़कर सेल्फी ली और उसे सोशल मीडिया पर साझा किया। जिले में 800 से अधिक सेल्फी लेकर साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित किया गया। पुलिस का उद्देश्य इस पहल के माध्यम से शिक्षकों को केवल कक्षा तक सीमित न रखते हुए उन्हें विद्यार्थियों, अभिभावकों और समाज के बीच साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता फैलाने वाले ‘साइबर शिक्षक के रूप में जोडऩा रहा।
एसपी ने शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर दिया संदेश
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ग्राम सरखो के उत्कृष्ट कॉलेज और जांजगीर स्थित प्रदान अकादमी कोचिंग सेंटर पहुंचे। उन्होंने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या संदेश पर तत्काल प्रतिक्रिया नहीं देने का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने ‘मैं हूं साइबर शिक्षक की सेल्फी लेकर साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया।
जिलेभर में पुलिस अधिकारियों ने संभाली कमान
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार सहित जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों ने विभिन्न स्थानों पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराएं नहीं और तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने की संभावना बढ़ जाती है।
०००
