बिलासपुर । बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र में शासकीय प्राथमिक शाला कुवारीमुड़ा से मध्यान्ह भोजन का सामान चोरी करने के मामले में कोटा पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा है। पूछताछ के दौरान उसने स्कूल में चोरी करने के साथ ही एक अन्य मामले में मोटरसाइकिल चोरी करना भी स्वीकार किया। पुलिस ने विधि अनुसार कार्रवाई करते हुए उसे बाल संप्रेषण गृह बिलासपुर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार 27 अगस्त 2026 को शासकीय प्राथमिक शाला कुवारीमुड़ा की प्रार्थिया आराधना पटेल ने थाना कोटा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि स्कूल कार्यालय में रखी पेटी से मध्यान्ह भोजन के लिए रखी दो बोरी चावल, कुल करीब एक क्विंटल, तथा भोजन पकाने के बर्तन, थाली, डेचकी, गंजा सहित करीब 8 हजार रुपये का सामान अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया है। रिपोर्ट पर थाना कोटा में अपराध क्रमांक 716/2026, धारा 331(4), 305(ए) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ गवाहों के बयान दर्ज किए। इसी बीच मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई।
कोरबा के ट्रांसपोर्टर ने बिलासपुर के लॉज में दी जान, कमरे में फंदे पर मिली लाश
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित कर ग्राम कुवारीमुड़ा में दबिश दी गई। टीम ने एक विधि से संघर्षरत बालक को पुलिस सुरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान बालक ने शासकीय प्राथमिक शाला कुवारीमुड़ा में चोरी करना स्वीकार किया। इसके साथ ही उसने एक अन्य प्रकरण में एक मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी कबूल की। पुलिस के अनुसार मामले की प्रकृति को देखते हुए विधि से संघर्षरत बालक को आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बाल संप्रेषण गृह बिलासपुर भेज दिया गया है। कार्रवाई पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में की गई।
