कोरबा के ट्रांसपोर्टर ने बिलासपुर के लॉज में दी जान, कमरे में फंदे पर मिली लाश

Follow Us

कोरबा-बिलासपुर। कोरबा के दीपका निवासी 25 वर्षीय ट्रांसपोर्टर प्रदीप जायसवाल ने बिलासपुर के पुराना बस स्टैंड स्थित शारदा लॉज के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रदीप की दादी अपोलो अस्पताल में भर्ती थीं, जिनकी देखरेख के लिए वह बिलासपुर आया था। रविवार को उसका छोटा भाई भी बिलासपुर पहुंचा था। अस्पताल में तीन-चार दिन रहने के बाद भाई ने प्रदीप को घर जाने के लिए ऑटो में बैठाया, लेकिन वह घर जाने के बजाय शारदा लॉज पहुंच गया और वहां कमरा बुक कर रुक गया। सोमवार सुबह कमरे का दरवाजा नहीं खुलने और प्रदीप के घर नहीं पहुंचने पर परिजन उसकी तलाश में जुट गए। ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से लॉज की जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

सिटी कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे का दरवाजा खुलवाया, जहां प्रदीप का शव फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ, जिसमें प्रदीप ने पिछले 7-8 महीनों से डिप्रेशन और तनाव में रहने की बात लिखी थी और मम्मी-पापा से माफी मांगी थी। हालांकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और परिजनों से पूछताछ सहित मामले की जांच जारी है।