अमृतसर। दुबई जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट में करीब 17 घंटे की देरी होने से रविवार को अमृतसर एयरपोर्ट पर यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। लंबा इंतजार और स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने से नाराज यात्रियों ने टिकट काउंटर पर विरोध प्रदर्शन किया और एयरलाइन के खिलाफ नारेबाजी की। यात्रियों के अनुसार फ्लाइट सुबह 8:40 बजे रवाना होनी थी। पहले इसे 11 बजे तक टाल दिया गया, लेकिन बाद में करीब 17 घंटे की देरी की जानकारी दी गई। अचानक बदले शेड्यूल से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई परिवार छोटे बच्चों के साथ घंटों एयरपोर्ट पर इंतजार करते रहे, जबकि एयरलाइन की ओर से देरी की वजह और आगे की व्यवस्था को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
18,600 फीट पर मौत से जंग, भारतीय सेना का रोमांचक हेलिकॉप्टर रेस्क्यू
प्रदर्शन कर रहे यात्रियों ने आरोप लगाया कि उन्हें न तो रिफंड की प्रक्रिया के बारे में बताया गया और न ही वैकल्पिक उड़ान या ठहरने की सुविधा की जानकारी दी गई। उनका कहना है कि इतनी लंबी देरी की स्थिति में यात्रियों को नियमानुसार उचित सहायता मिलनी चाहिए। यात्रियों ने नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के नियमों का हवाला देते हुए एयरलाइन से रिफंड, वैकल्पिक टिकट और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। वहीं, एयरपोर्ट पर बढ़ते विरोध के बीच यात्रियों ने स्पाइसजेट से देरी का कारण सार्वजनिक करने और जल्द समाधान देने की अपील की।
