कवर्धा । कबीरधाम जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में खेत की मेड़ काटने को लेकर हुए विवाद में टंगिया से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टंगिया भी बरामद कर जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त 2026 को ग्राम धुक्सा में खेत की मेड़ काटने की बात को लेकर आरोपी लालचन्द टंडन (40 वर्ष), निवासी ग्राम धुक्सा का प्रार्थी से विवाद हो गया था। विवाद के दौरान आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से हाथ में रखे टंगिया से हमला कर दिया। हमले में आहत के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसका उपचार कराया गया। मामले की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली कवर्धा में अपराध क्रमांक 325/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296, 115(2) और 351(3) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान प्रार्थी, आहत और गवाहों के बयान तथा चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण में धारा 109 बीएनएस भी जोड़ी गई। जांच के दौरान आरोपी के खिलाफ अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस टीम ने 27 अगस्त 2026 को ग्राम घुक्सा से लालचन्द टंडन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टंगिया बरामद किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को दी गई। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। मामले में पुलिस की विवेचना अभी जारी है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कबीरधाम जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशीष शुक्ला के दिशा-निर्देश में थाना सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक लालजी सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई।
