रायपुर में रक्षाबंधन पर ‘भाई-बहन ड्रिंक्स पार्टी’ का पोस्टर वायरल, बजरंग दल ने दी चेतावनी – आयोजकों ने मांगी माफी

Follow Us

रायपुर। रक्षाबंधन जैसे पवित्र त्योहार पर रायपुर के एक कैफे में भाई-बहन के लिए शराब पार्टी का आयोजन करने का मामला सामने आया है। द बियर कैफे के वायरल पोस्टर के बाद बजरंग दल ने विरोध जताया है, जिसके बाद कैफे प्रबंधन को माफी मांगनी पड़ी।

द बियर कैफे में 28 अगस्त को ‘रक्षाबंधन सेलिब्रेशन’ के नाम पर नाइट पार्टी का प्रचार सोशल मीडिया पर किया जा रहा था, जिसके पोस्टर तेजी से वायरल हो रहे हैं। पोस्टर और मैसेज में लिखा था कि इस पार्टी में भाई-बहन की जोड़ी शामिल हो सकती है। इसके लिए ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी दी गई थी। प्रचार सामग्री में दावा किया गया था कि शुक्रवार शाम 7 से 8 बजे के बीच वन-प्लस-वन शराब के पैग दिए जाएंगे, साथ ही कराओके और अन्य मनोरंजक गतिविधियां भी होंगी।

बजरंग दल का विरोध
जैसे ही ये पोस्टर सामने आया, छत्तीसगढ़ बजरंग दल ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई। संगठन का कहना है कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम और पवित्र रिश्ते का त्योहार है, उसके नाम पर इस तरह शराब पार्टी का आयोजन भारतीय संस्कृति और परंपरा का अपमान है। बजरंग दल ने आयोजकों को चेतावनी दी है कि अगर 28 अगस्त को ये पार्टी हुई तो संगठन अपने स्तर पर कार्रवाई करेगा।

कैफे ने मांगी माफी
बजरंग दल की चेतावनी के बाद मामला तूल पकड़ता देख द बियर कैफे प्रबंधन बैकफुट पर आ गया। सूत्रों के मुताबिक कैफे संचालक ने बजरंग दल के पदाधिकारियों से माफी मांग ली है और भरोसा दिया है कि रक्षाबंधन के दिन इस तरह की कोई भी पार्टी आयोजित नहीं की जाएगी।