माचकोट में वन भूमि पर अतिक्रमण और पेड़ों की गर्डलिंग, 13 आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के माचकोट वन परिक्षेत्र में वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण और पेड़ों की गर्डलिंग (पेड़ के तने की चारों ओर से छाल काटना) के मामले में वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। न्यायालय के आदेश के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षण में केंद्रीय जेल, जगदलपुर भेज दिया गया है। वन विभाग के अनुसार वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर वनों के संरक्षण और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए विभाग की ओर से सघन अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) जगदलपुर वृत्त, स्टायलो मंडावी के मार्गदर्शन एवं वनमण्डल अधिकारी (डीएफओ) बस्तर, दीपेश कपिल के निर्देशानुसार माचकोट परिक्षेत्र में कार्रवाई की गई। उप वनमण्डलाधिकारी (एसडीओ) जगदलपुर, योगेश रात्रे के सतत निगरानी एवं नेतृत्व में परिक्षेत्र अधिकारी माचकोट प्रकाश देहारी और वन अमले की टीम क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही थी।

इसी दौरान माचकोट परिक्षेत्र के उप-परिक्षेत्र पूलचा अंतर्गत ग्राम गुरु गोठान (गोरो-गोठान) के आसपास वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण और वृक्षों की गर्डलिंग(तने को छिल कर वृक्ष को मारना ) करने के मामले में संलिप्त 13 आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा गया। विभाग ने सभी 13 आरोपियों के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की।

इसके बाद सक्षम न्यायालय के आदेश से आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षण में केंद्रीय जेल, जगदलपुर दाखिल कराया गया। वन विभाग ने कहा है कि वन संपदा को नुकसान पहुँचाने, अवैध कटाई अथवा वन भूमि पर अतिक्रमण करने वाले किसी भी असामाजिक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसे मामलों में शून्य सहिष्णुता की नीति के तहत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।