स्कूल भवन की बदहाली से नाराज पालक, नए भवन की मांग को लेकर स्कूल में की तालाबंदी

Follow Us

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के गोटूलमुंडाव गांव में स्कूल भवनों की खराब स्थिति को लेकर पालकों का आक्रोश सामने आया। गुरुवार को पालकों ने प्राथमिक और माध्यमिक शाला के लिए नए भवन की मांग करते हुए स्कूल में तालाबंदी कर दी। तालाबंदी के चलते विद्यार्थी स्कूल परिसर के अंदर नहीं जा सके और गेट के सामने बैठकर पढ़ाई करते नजर आए। पालकों का कहना है कि लंबे समय से दोनों स्कूल भवन जर्जर स्थिति में हैं, लेकिन उनकी समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

जानकारी के अनुसार गोटूलमुंडाव गांव की प्राथमिक और माध्यमिक शाला में कुल 41 बच्चे अध्ययनरत हैं। पालकों का आरोप है कि दोनों स्कूल भवन काफी समय से खराब स्थिति में हैं, जिसके चलते बच्चों को अतिरिक्त कमरों में बैठाकर पढ़ाई करानी पड़ रही है। पालकों ने मांग की है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और बेहतर शिक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दोनों शालाओं के लिए जल्द नए भवन का निर्माण कराया जाए। फिलहाल स्कूल में तालाबंदी के बाद बच्चे गेट के सामने बैठकर पढ़ाई करते दिखाई दिए।