नई दिल्ली। महिला एशिया कप 2026 के लिए इंडोनेशिया महिला क्रिकेट टीम ने अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। पहली बार इस टूर्नामेंट में जगह बनाने वाली इंडोनेशियाई टीम युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के मिश्रण के साथ मैदान में उतरेगी। टीम की कमान अनुभवी खिलाड़ी नंदा सकारिनी संभालेंगी। उनके अलावा वेसिका रत्ना देवी, पुत्री सुवानदेवी और सांग मेप्रियानी जैसी खिलाड़ियों को भी टीम में शामिल किया गया है। गेंदबाजी विभाग में सोफिया वेलिक और अन्य युवा खिलाड़ियों पर टीम को भरोसा रहेगा।
इंडोनेशिया ने एसीसी महिला प्रीमियर कप के जरिए महिला एशिया कप 2026 के लिए क्वालीफाई किया था। क्वालीफाइंग मुकाबलों में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था। कप्तान नंदा सकारिनी ने इस अभियान में बल्ले से अहम योगदान दिया था। महिला एशिया कप 2026 का आयोजन 28 अगस्त से 13 सितंबर तक दुबई में किया जाएगा। इंडोनेशिया को ग्रुप बी में रखा गया है, जहां उसका मुकाबला बांग्लादेश, श्रीलंका और यूएई से होगा। टीम अपने अभियान की शुरुआत 31 अगस्त को बांग्लादेश के खिलाफ करेगी। इंडोनेशिया की टीम पहली बार एशिया कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही है, ऐसे में क्रिकेट फैंस की नजर उसके प्रदर्शन पर रहेगी।
इंडोनेशिया टीम: नंदा सकारिनी (कप्तान), काडेक विंडा प्रास्तिनी, रहमावती पंगेस्टुटी, वेसिका रत्ना देवी, राडा रानी, देसी वुलंडारी, पुत्री सुवानदेवी, किसी सलीसा कासे, सांग मेप्रियानी, नी काडेक एरियानी, डेर्नी बांगी, दारा अगुंग लक्ष्मी, ली कियाओ, मारिया कोराजोन वोम्बाकी, सोफिया वेलिक।
