कोलंबो। भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के चौथे दिन श्रीलंका की पहली पारी 290 रन पर समाप्त हो गई। भारतीय टीम ने पहली पारी में 503/9 रन बनाकर घोषित की थी, ऐसे में श्रीलंका 213 रन पीछे रह गया और भारत ने फॉलोऑन लागू कर दिया। श्रीलंका ने चौथे दिन 8 विकेट पर 265 रन से आगे खेलना शुरू किया था। टीम को फॉलोऑन से बचने के लिए 304 रन तक पहुंचना जरूरी था, लेकिन आखिरी दो विकेट जल्दी गिर गए। हालांकि सोनल दिनुशा ने शानदार शतक लगाकर भारतीय गेंदबाजों को काफी देर तक परेशान किया। उन्होंने 162 गेंदों में 103 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। यह सीरीज में उनका दूसरा शतक है।
सोनल दिनुशा और लाहिरु कुमारा ने नौवें विकेट के लिए 58 रन जोड़कर श्रीलंका की पारी को संभालने की कोशिश की। अंत में डेब्यू कर रहे सारांश जैन ने लगातार दोनों विकेट हासिल कर भारत को पारी समेटने में मदद की। प्रसिद्ध कृष्णा और मानव सुथार ने भी तीन-तीन विकेट झटके। भारत की पहली पारी में देवदत्त पडिक्कल ने 117 और ध्रुव जुरेल ने नाबाद 115 रन बनाए थे। ऋषभ पंत ने 63 और शुभमन गिल ने 50 रन का योगदान दिया। भारत ने 503 रन पर नौ विकेट के बाद अपनी पारी घोषित की थी।
फॉलोऑन के बाद श्रीलंका ने दूसरी पारी शुरू कर दी। भारत ने पहली पारी में बड़ी बढ़त हासिल कर मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। दो टेस्ट मैचों की सीरीज में भारत पहले ही 1-0 से आगे है।
