मुंबई। सिद्धार्थ मल्होत्रा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वन-फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ की रिलीज डेट में बदलाव किया गया है। पहले यह फिल्म 28 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में आने वाली थी, लेकिन अब इसे आगे बढ़ाकर 25 सितंबर 2026 कर दिया गया है। निर्माताओं ने मोशन पोस्टर जारी कर नई रिलीज डेट की घोषणा की है। रिलीज डेट में बदलाव का एक कारण उसी अवधि में आने वाली अन्य बड़ी फिल्मों से संभावित टकराव बताया जा रहा है। 28 अगस्त के आसपास श्रद्धा कपूर की ‘ईथा’ और यश की ‘टॉक्सिक’ जैसी फिल्मों की रिलीज को देखते हुए निर्माताओं ने अपनी फिल्म को नई तारीख पर लाने का फैसला किया है।
जारी किए गए एनिमेटेड मोशन पोस्टर में त्रिशूल लिए एक रहस्यमयी किरदार, खूंखार बाघ और नंदी नजर आ रहे हैं। पोस्टर के जरिए फिल्म की रहस्यमयी और रोमांचक दुनिया की झलक दी गई है। फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ तमन्ना भाटिया मुख्य भूमिका में हैं। ‘वन-फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ की कहानी मध्य भारत के घने जंगलों की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई जा रही है। फिल्म में रोमांच, रहस्यमयी मंदिरों और पुरानी लोककथाओं का मिश्रण देखने को मिलेगा। इसकी शूटिंग वास्तविक वन क्षेत्रों में की गई है, जिससे कहानी को अधिक प्राकृतिक और प्रामाणिक रूप देने की कोशिश की गई है।
फिल्म का निर्माण बालाजी मोशन पिक्चर्स और द वायरल फीवर के सहयोग से किया गया है। एकता कपूर इसकी निर्माता हैं, जबकि दीपक मिश्रा और अरुणभ कुमार ने इसका निर्देशन किया है। सिनेमाघरों में रिलीज के बाद फिल्म के अमेजन प्राइम वीडियो पर आने की भी जानकारी दी गई है। सिद्धार्थ मल्होत्रा को हाल ही में ‘परम सुंदरी’ में देखा गया था, जिसमें उनके साथ जाह्नवी कपूर मुख्य भूमिका में थीं।
