रायपुर। रविवार दोपहर हुई करीब डेढ़ से दो घंटे की तेज बारिश के बाद मठपुरैना स्थित शिवा रेसिडेंसी फेज-1 में जलभराव की स्थिति बन गई। कॉलोनी की सड़कें पानी में डूबने से रहवासियों को आने-जाने और वाहनों को घर तक पहुंचाने में काफी परेशानी हुई। बारिश के दौरान कई घरों के सामने भी पानी जमा हो गया। रहवासियों के मुताबिक, बारिश थमने के बाद भी करीब दो घंटे तक कॉलोनी की सड़कों से पानी पूरी तरह नहीं निकल पाया। लोगों को पानी के बीच से होकर घरों तक पहुंचना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलोनी के बाहर की नगर निगम सड़क की ऊंचाई बढ़ने और बाहरी सड़क की नाली को कॉलोनी की नाली से जोड़ने के कारण तेज बारिश में बाहर का पानी कॉलोनी की ओर आने लगता है। इससे जलभराव की समस्या और बढ़ जाती है। रहवासियों के अनुसार, मानसून के दौरान हर साल तेज बारिश होते ही ऐसी स्थिति बनती है। जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से सड़कें जलमग्न हो जाती हैं और लोगों की रोजमर्रा की गतिविधियां प्रभावित होती हैं।
कॉलोनीवासियों ने नगर निगम से मौके का निरीक्षण कर जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि हर साल अस्थायी व्यवस्था करने के बजाय ऐसी ड्रेनेज प्रणाली तैयार की जाए, जिससे बारिश के दौरान पानी कॉलोनी में जमा न हो।
