माता-पिता की कुल्हाड़ी से हत्या के आरोप में बेटा गिरफ्तार

Follow Us

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सपड़ा में माता-पिता की हत्या के मामले में पुलिस ने उनके बड़े बेटे जदू यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस से आज मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम सपड़ा निवासी 55 वर्षीय हीराधर यादव अपनी 50 वर्षीय पत्नी गुलाबी यादव और बड़े बेटे जदू यादव (34) के साथ रहते थे।

जदू की शादी नहीं हुई थी और वह इसके लिए अपने माता-पिता को जिम्मेदार मानता था। इस बात को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होने की जानकारी सामने आई है। परिवार का छोटा बेटा मोहन अपनी पत्नी और बच्चों के साथ अलग रहता है। पुलिस पूछताछ में जदू ने बताया कि 17 अगस्त की रात घर में सब्जी नहीं बनी थी। उसके माता-पिता छोटे बेटे मोहन के घर से सब्जी लेकर आए थे।

इसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इसके बाद जदू ने रात में सो रहे अपने माता-पिता के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने दोनों शवों को बोरी में बांधकर कमरे में छिपा दिया। कमरे और फर्श पर मौजूद खून के निशान मिटाने के लिए उसने गोबर से लिपाई की और इसके बाद घर से फरार हो गया।

अगली सुबह छोटा बेटा मोहन दूध लेने के लिए माता-पिता के घर पहुंचा। दरवाजा बंद मिलने पर उसने ताला तोड़ा। अंदर पहुंचने पर हीराधर यादव और गुलाबी यादव के शव मिले। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस फरार जदू यादव की तलाश में जुटी थी।

घटना के चार दिन बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस उससे हुई पूछताछ और सामने आए तथ्यों के आधार पर हत्या की परिस्थितियों तथा वारदात के बाद शवों को छिपाने की पूरी कड़ी की जांच कर रही है।