जेसन संजय की ‘सिग्मा’ की नई रिलीज डेट तय, 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में देगी दस्तक

Follow Us

चेन्नई। अभिनेता विजय के बेटे जेसन संजय अपनी पहली निर्देशित फिल्म ‘सिग्मा’ को अब नई रिलीज तारीख पर सिनेमाघरों में लेकर आएंगे। निर्माताओं ने फिल्म की नई रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। अब यह फिल्म 2 अक्टूबर 2026, यानी गांधी जयंती के मौके पर रिलीज होगी। पहले ‘सिग्मा’ को 31 जुलाई को रिलीज किया जाना था, लेकिन इसी दौरान विजय की फिल्म ‘जन नायकन’ की रिलीज की तैयारियां चल रही थीं। पिता और बेटे की फिल्मों के बीच संभावित टकराव को देखते हुए ‘सिग्मा’ की रिलीज को आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया था।

अब निर्माताओं ने पोस्टर जारी करते हुए फिल्म की नई तारीख की घोषणा की है। जेसन संजय ने भी सोशल मीडिया पर पोस्टर साझा कर फैंस से 2 अक्टूबर की तारीख नोट करने को कहा है। हालांकि, ‘सिग्मा’ की रिलीज आगे बढ़ने के बाद अब इसका सामना बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘दृश्यम 3’ से होगा। अजय देवगन अभिनीत यह फिल्म भी 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

लाइका प्रोडक्शंस के बैनर तले बन रही ‘सिग्मा’ में संदीप किशन मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म को डकैती की पृष्ठभूमि पर आधारित एक्शन-थ्रिलर बताया जा रहा है। इसका संगीत थमन एस ने तैयार किया है।