रणबीर कपूर के साथ नजर आएंगी दीपिका पादुकोण? ‘ब्रह्मास्त्र 2’ में अमृता के किरदार को लेकर चर्चा

Follow Us

मुंबई। दीपिका पादुकोण और रणबीर कपूर की जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आ सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अयान मुखर्जी की आगामी फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र: भाग 2’ में दीपिका पादुकोण को अमृता के किरदार के लिए शामिल करने को लेकर बातचीत चल रही है। हालांकि, अभी इस बारे में आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। दीपिका फिलहाल अल्लू अर्जुन की आगामी फिल्म ‘राका’ को लेकर व्यस्त हैं, जबकि रणबीर कपूर अपनी फिल्म ‘रामायण’ की तैयारियों में जुटे हैं। इसके बाद वह ‘ब्रह्मास्त्र 2’ की शूटिंग शुरू कर सकते हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म की टीम अमृता के किरदार के लिए दीपिका को उपयुक्त मान रही है। हालांकि, उनकी भागीदारी उनकी उपलब्ध तारीखों और शूटिंग शेड्यूल के तालमेल पर निर्भर करेगी। बताया जा रहा है कि रणबीर ‘ब्रह्मास्त्र 2’ में देव और शिव की दोहरी भूमिका निभा सकते हैं। फिल्म का निर्देशन अयान मुखर्जी कर रहे हैं। इससे पहले 2022 में रिलीज हुई ‘ब्रह्मास्त्र पार्ट वन: शिवा’ में रणबीर कपूर और आलिया भट्ट मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। अगर दीपिका की एंट्री पक्की होती है, तो रणबीर और दीपिका की जोड़ी को लंबे समय बाद पर्दे पर देखना दर्शकों के लिए खास होने वाला है।