शर्वानंद की ‘भोगी’ का दमदार फर्स्ट लुक जारी, 28 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक

Follow Us

हैदराबाद। साउथ सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता शर्वानंद जल्द ही एक्शन-ड्रामा फिल्म ‘भोगी’ में दमदार अंदाज में नजर आएंगे। निर्माताओं ने फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर जारी करने के साथ इसकी रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। फिल्म 28 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। शर्वानंद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फिल्म का फर्स्ट लुक साझा करते हुए लिखा कि कुछ आग ऐसी होती है, जो जलाती नहीं बल्कि सच सामने लाती है। फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और इसे एक बड़े बजट की पैन-इंडिया फिल्म के तौर पर तैयार किया गया है।

‘भोगी’ की कहानी 1960 के दशक के उथल-पुथल भरे दौर की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म में नॉर्थ तेलंगाना और महाराष्ट्र की सीमा से लगे एक गांव की कहानी दिखाई जाएगी। निर्देशक संपत नंदी के निर्देशन में बनी यह फिल्म शर्वानंद के करियर की 38वीं फिल्म है और इसमें अभिनेता एक बिल्कुल अलग और दमदार अवतार में दिखाई देंगे। फिल्म में अनुपमा परमेश्वरन मुख्य अभिनेत्री की भूमिका में हैं, जबकि डिंपल हयाती भी महत्वपूर्ण किरदार निभाती नजर आएंगी। फिल्म की तकनीकी टीम में प्रोडक्शन डिजाइनर किरण कुमार मन्ने, सिनेमैटोग्राफर सौंदर राजन एस और संगीतकार भीम्स सेसिरोलियो शामिल हैं।

शर्वानंद ने अपने करियर की शुरुआत 2004 में की थी। इसके बाद ‘प्रस्थानम’, ‘रन राजा रन’, ‘मल्ली मल्ली इदी रानी रोजु’ और ‘शतमानम भवति’ जैसी फिल्मों के जरिए उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। अब दर्शकों को उनकी नई फिल्म ‘भोगी’ से काफी उम्मीदें हैं।