मुंबई। शाहरुख खान और निर्देशक सिद्धार्थ आनंद की आगामी एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘किंग’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह है। अब फिल्म के म्यूजिक राइट्स को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जी5 म्यूजिक ने करीब 50 करोड़ रुपये में इसके म्यूजिक राइट्स खरीदने की पेशकश की है। हालांकि, कंपनी की ओर से अभी इस डील की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। जी5 एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज के एमडी और सीईओ पुनीत गोयनका ने म्यूजिक राइट्स की कीमत को लेकर कहा कि बातचीत जारी है और अभी डील साइन नहीं हुई है। उन्होंने कीमत पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए बताया कि कंपनी म्यूजिक बिजनेस में कमाई साझा करने के मॉडल को प्राथमिकता देती है।
इससे पहले ‘रामायण’ के म्यूजिक राइट्स को लेकर भी बड़ी डील की खबर सामने आई थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, टी-सीरीज ने फिल्म के दोनों भागों के लिए 75 करोड़ रुपये का एडवांस दिया है। वहीं ‘धुरंधर: द रिवेंज’ और ‘पुष्पा 2’ जैसी फिल्मों के म्यूजिक राइट्स भी करोड़ों रुपये में बिक चुके हैं। ‘किंग’ में सचिन-जिगर गानों का संगीत तैयार कर रहे हैं, जबकि अनिरुद्ध रविचंदर बैकग्राउंड स्कोर और थीम म्यूजिक की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मारफ्लिक्स फिल्म्स के बैनर तले बन रही इस फिल्म में शाहरुख खान पहली बार अपनी बेटी सुहाना खान के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे।
फिल्म में अभिषेक बच्चन, दीपिका पादुकोण, अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ, रानी मुखर्जी, जयदीप अहलावत, अरशद वारसी और राघव जुयाल भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म दिसंबर 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज होने की तैयारी में है।
