जगदलपुर। संभाग मुख्यालय जगदलपुर स्थित राजीव भवन में बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य के निर्देश पर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, आधुनिक भारत के निर्माता एवं भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की जयंती सादगीपूर्ण तरीके से मनाई। इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया। उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने स्व. राजीव गांधी के आदर्शों और विचारों पर चलने का संकल्प लिया।
पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने स्व. राजीव गांधी के जीवन एवं राजनीतिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राजीव गांधी ने देश को आधुनिक एवं तकनीकी रूप से सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया। उन्होंने युवाओं को देश की शक्ति मानते हुए उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान किए। संचार क्रांति, कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उनके दूरदर्शी निर्णयों ने भारत के विकास की नई नींव रखी। पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त करने तथा युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने की दिशा में भी उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी की जयंती केवल उन्हें स्मरण करने का अवसर नहीं, बल्कि उनके आधुनिक, प्रगतिशील और समावेशी भारत के सपने को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का दिन है।
Read more :- राजीव गांधी जी की जयंती पर सादर नमन
नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने कहा कि स्व. राजीव गांधी का जीवन देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए समर्पित रहा। उन्होंने बदलते समय की आवश्यकताओं को समझते हुए भारत को 21वीं सदी की ओर ले जाने का सपना देखा और उसे साकार करने के लिए अनेक ऐतिहासिक पहल कीं। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष बलराम यादव, सूर्यापानी, महामंत्री अभिषेक नायडू, नीतीश शर्मा, मंडल अध्यक्ष वेंकट राव, भूवन झा, महेश ठाकुर, सलीम जाफर अली, मोहसिन खान, शेख अयाज, पार्षद रामकृष्ण तिवारी, खीरेंद्र यादव, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
