धमतरी में नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर पुलिस की सख्ती, 22 वाहनों पर कार्रवाई, 38 हजार रुपये जुर्माना

Follow Us

धमतरी। सड़क सुरक्षा और शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के लिए धमतरी पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख एवं व्यस्त मार्गों पर विशेष अभियान चलाकर नो-पार्किंग और सड़क पर बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान रत्नाबांधा-श्यामतराई मार्ग, रत्नाबांधा-जिला अस्पताल मार्ग तथा सिहावा चौक-नहरनाका मार्ग पर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों की जांच की गई। इस दौरान कुल 22 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई।
कार्रवाई में 12 वाहनों के ई-चालान जारी कर 35 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि 10 वाहनों पर मैन्युअल चालान के जरिए 3 हजार रुपये का जुर्माना किया गया। इस प्रकार पुलिस ने कुल 38 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई की।


Read more :- रायपुर में राजीव गांधी की 82वीं जयंती पर पुष्पांजलि, पार्षद अर्जुमन ढेबर सहित गणमान्यजनों ने किया नमन


यातायात पुलिस ने बताया कि मुख्य मार्गों और नो-पार्किंग क्षेत्रों में वाहनों को बेतरतीब तरीके से खड़ा करने से सड़क की उपयोगी चौड़ाई कम हो जाती है। इससे यातायात का दबाव बढ़ने के साथ वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को परेशानी होती है। ऐसे वाहनों के कारण दुर्घटना की स्थिति भी बन सकती है। साथ ही एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड सहित अन्य आपातकालीन वाहनों के आवागमन में भी बाधा उत्पन्न हो सकती है। धमतरी पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें। नो-पार्किंग क्षेत्र, मुख्य सड़क, मोड़, अस्पताल तथा अन्य संवेदनशील स्थानों के आसपास वाहन खड़ा करने से बचें। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल चालानी कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी है।


Read more :-  14वीं इंटर स्कूल जूडो प्रतियोगिता 22 अगस्त से, 250 खिलाड़ी और 30 अधिकारी लेंगे हिस्सा


धमतरी यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात व्यवस्था बाधित करने वाले और नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों के खिलाफ जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर ई-चालान एवं मैन्युअल चालान के माध्यम से कार्रवाई की जाएगी। धमतरी पुलिस ने नागरिकों से जिम्मेदार भूमिका निभाने और निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग कर शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं सुरक्षित बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। धमतरी पुलिस का संदेश है—सड़क आपकी भी है, जिम्मेदारी भी आपकी है। सुरक्षित चलें, यातायात नियमों का पालन करें और सड़क को अव्यवस्थित पार्किंग से मुक्त रखें।