जगदलपुर। बस्तर जिला जूडो संघ के तत्वावधान में दो दिवसीय 14वीं इंटर स्कूल जूडो प्रतियोगिता का आयोजन नगर के टाउन हॉल में किया जाएगा। प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह 22 अगस्त को शाम 4 बजे आयोजित होगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि ऑल बस्तर जिला जूडो संघ के संरक्षक योगेंद्र पांडेय होंगे। विशिष्ट अतिथियों में हाजी वसीम अहमद, ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन; सुशांत पोल, खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जगदलपुर; अमित जैन, डायरेक्टर, संस्कार द गुरुकुल; अभिषेक अवस्थी, डायरेक्टर, सी.वी. रमन यूनिवर्सिटी, जगदलपुर; राणा घोष, अध्यक्ष, बस्तर जिला फुटबॉल संघ और शंकर श्रीवास, अभिकर्ता, एलआईसी शामिल होंगे।
प्रतियोगिता का समापन समारोह 23 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। समापन समारोह में मुख्य अतिथि संजय पांडेय, महापौर, नगर पालिका निगम जगदलपुर और संग्राम सिंह राणा, सभापति, राजस्व, नगर पालिका निगम जगदलपुर सहित अन्य अतिथि मौजूद रहेंगे। इस दौरान विजेता और प्रतिभागी खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रतियोगिता में बस्तर संभाग के बस्तर, कोंडागांव, नारायणपुर, सुकमा, दंतेवाड़ा और बीजापुर जिलों के अलावा राजनांदगांव, सर्वदा और धमतरी से लगभग 250 खिलाड़ी एवं 30 अधिकारी हिस्सा लेंगे।
प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए आवास, भोजन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं बस्तर जिला जूडो संघ की ओर से की गई हैं। संघ ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
