धमतरी। करीब 3000 करोड़ रुपये के कथित शराब घोटाला मामले में कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल एक बार फिर जांच एजेंसी के घेरे में हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की आठ सदस्यीय टीम ने धमतरी स्थित उनके ठिकानों पर दबिश दी है। कार्रवाई के दौरान घर के बाहर सुरक्षा बल तैनात रहा, जबकि ईडी की टीम अंदर दस्तावेजों और अन्य संबंधित रिकॉर्ड की जांच में जुटी रही। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई शराब घोटाले से जुड़े मनी ट्रेल की जांच के सिलसिले में की गई है। ईडी पहले ही रामगोपाल अग्रवाल को रायपुर केंद्रीय जेल से गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तारी के बाद रायपुर की पीएमएलए अदालत ने उन्हें सात दिन की ईडी हिरासत में भेजा था।
जांच एजेंसी के आरोपों के अनुसार, शराब घोटाले के साथ-साथ कोल लेवी और कस्टम मिलिंग से जुड़े कथित वित्तीय लेनदेन में भी रामगोपाल अग्रवाल की भूमिका की जांच की जा रही है। एजेंसी को संदेह है कि कथित घोटाले से जुड़ी रकम को अलग-अलग माध्यमों से इधर-उधर किया गया। धमतरी में हुई ताजा कार्रवाई के दौरान ईडी की टीम दस्तावेजों और अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि कथित तौर पर लेनदेन की गई रकम किन लोगों या स्थानों तक पहुंची और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल थे। मामले में आगे की जांच जारी है।
