नाबालिग से दुष्कर्म और नवजात बिक्री मामले में 2 और गिरफ्तार, कांकेर से बरामद हुआ शिशु, अब तक 8 आरोपी हिरासत में

Follow Us

रायपुर। रायपुर के न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म, फर्जी दस्तावेजों से प्रसव और नवजात शिशु की बिक्री के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कांकेर जिले के पंखाजूर से नवजात शिशु को सकुशल बरामद कर उसे मातृछाया संस्था रायपुर में सुरक्षित रखा है।

थाना न्यू राजेन्द्र नगर के अपराध क्रमांक 289/2026 में अब तक कुल 8 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। गिरफ्तार आरोपियों में नवजात को खरीदने वाला और पीड़िता का फर्जी आधार कार्ड बनाने वाली महिला शामिल है।

कांकेर से बरामद हुआ नवजात
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस ने प्रकरण में संलिप्त अन्य आरोपियों की पतासाजी की। पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने पीड़िता के नवजात शिशु को पंखाजूर, जिला कांकेर निवासी सुब्रत बिश्वास को बेच दिया था। पुलिस टीम ने पुख्ता सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सुब्रत बिश्वास को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने नवजात को खरीदना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नवजात शिशु को सकुशल बरामद कर लिया। शिशु की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसे मातृछाया संस्था, रायपुर में रखा गया है।

फर्जी आधार कार्ड बनाने वाली महिला भी गिरफ्तार
विवेचना में यह भी सामने आया कि कोतवाली क्षेत्र निवासी पूनम सागरिया ने मोबाइल फोन के माध्यम से पीड़िता की उम्र अधिक दर्शाकर फर्जी आधार कार्ड तैयार किया था, जिसके आधार पर अस्पताल में प्रसव कराया गया था। पुलिस ने पूनम सागरिया को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

अब तक 8 आरोपी गिरफ्तार, 2 मोबाइल जब्त
पुलिस ने पूर्व में इस मामले में पीड़िता के पिता सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब सुब्रत बिश्वास और पूनम सागरिया की गिरफ्तारी के साथ कुल गिरफ्तारियों की संख्या 8 हो गई है। दोनों आरोपियों के कब्जे से प्रकरण में उपयोग किए गए 2 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है।