दुर्ग । नया बस स्टैंड दुर्ग के पास कार सवार युवकों से मारपीट, तोड़फोड़ और कटर की नोक पर मोबाइल व नकदी लूटने की वारदात का पद्मनाभपुर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मामले में दो बालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। घटना में प्रयुक्त अर्बानिया मिनी बस, धारदार कटर तथा लूटे गए दोनों मोबाइल भी बरामद कर लिए गए हैं।
18 अगस्त की तड़के करीब 3 से 3:30 बजे के बीच बोरसी पद्मनाभपुर निवासी सूरज साहू अपने साथी रवि साहू, राहुल साहू और राजा के साथ बलेनो कार (CG11/AN/2387) में नया बस स्टैंड के पास बैठे थे। तभी अर्बानिया मिनी बस (CG07CY9600) आकर कार के बगल में रुकी। बस का दरवाजा कार से टकराने पर विवाद शुरू हुआ। रवि साहू के विरोध जताने पर बस में सवार चार लोगों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, जिसमें रवि साहू और राजा घायल हो गए। आरोप है कि कटर दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई और सैमसंग मोबाइल, आईक्यू मोबाइल तथा कार के डैशबोर्ड में रखे 5 हजार रुपये लूटकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
Read more :- स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाया जाएं: दयालदास बघेल
शिकायत के आधार पर थाना पद्मनाभपुर में अपराध क्रमांक 470/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6), 296, 115(2), 351(3) एवं 3(5) के तहत विवेचना शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान कुंदरा पारा दुर्ग निवासी कोमल निषाद (32) पिता जगदीश निषाद और पूरन निषाद (19) पिता पुनीत राम निषाद को गिरफ्तार किया गया। दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया।
फिलहाल, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सैमसंग मोबाइल, आईक्यू मोबाइल, घटना में प्रयुक्त धारदार कटर और अर्बानिया मिनी बस जब्त कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया, जबकि दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष भेजा जा रहा है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
