दुर्ग । जिले के करंजा भिलाई क्षेत्र से कांवड़ यात्रा के दौरान महिला पर एसिड फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला पर बैटरी में इस्तेमाल होने वाला एसिड डाल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना में दो बच्चे भी झुलस गए। मामले में नंदिनी नगर थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 35 वर्षीय महिला अपने परिचित और ग्रामीणों के साथ कांवड़ यात्रा में ग्राम कोडिया पहुंची थी। इसी दौरान करंजा भिलाई निवासी महेश दास बैरागी वहां पहुंचा और महिला पर बैटरी में इस्तेमाल होने वाला एसिड डाल दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल महिला को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बातचीत बंद करने से नाराज था आरोपी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला और आरोपी एक ही कंपनी में काम करते थे। करीब छह महीने पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद महिला ने नौकरी छोड़ दी थी। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि महिला ने कुछ समय से उससे बातचीत बंद कर दी थी, जिससे वह नाराज था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी सोमवार को एक टिन के डिब्बे में बैटरी से निकाला गया एसिड लेकर अरसनारा पहुंचा था। वहां उसने महिला को निशाना बनाते हुए एसिड फेंक दिया। इस दौरान महिला के साथ मौजूद दो बच्चे भी इसकी चपेट में आ गए।
घटना के बाद आरोपी को दबोचा
घटना की सूचना मिलते ही नंदिनी नगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी घटना के बाद करंजा भिलाई क्षेत्र में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर महेश दास को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। साथ ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
