पेंशनरों के प्रदेशव्यापी आंदोलन का दूसरा चरण 19 अगस्त को

Follow Us

रायपुर। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश द्वारा राज्य के लाखों पेंशनरों को केंद्र सरकार के समान जनवरी 2026 से देय 2 प्रतिशत महंगाई राहत (डीआर) का एरियर सहित भुगतान करने की मांग को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन का दूसरा चरण 19 अगस्त, बुधवार को आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश के सभी संभागीय मुख्यालयों में पेंशनर शांतिपूर्ण प्रदर्शन और नारेबाजी कर अपनी मांग शासन तक पहुंचाएंगे तथा दोपहर 12 बजे संबंधित संभागीय आयुक्तों को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।

महासंघ के प्रांताध्यक्ष वीरेंद्र नामदेव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि पेंशनरों की इस मांग को लेकर महासंघ लगातार राज्य शासन का ध्यान आकर्षित कर रहा है। महासंघ का कहना है कि जनवरी 2026 से केंद्र सरकार के समान देय 2 प्रतिशत महंगाई राहत का लाभ राज्य के पेंशनरों को भी तत्काल एरियर सहित दिया जाना चाहिए। आंदोलन के प्रथम चरण में 5 अगस्त को प्रदेश के सभी जिलों में जिला इकाइयों द्वारा कलेक्टरों के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जा चुका है।


Read more :-  रक्षा क्षेत्र में सुधारों का असर, भारत का रक्षा उत्पादन और निर्यात रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा


दूसरे चरण में 19 अगस्त को रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर सहित सभी संभागीय मुख्यालयों में पेंशनर महासंघ के बैनर तले निर्धारित स्थानों पर एकत्र होंगे। रायपुर में संभागीय अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, दुर्ग में बी.एल. गजपाल, बिलासपुर में राजेंद्र कश्यप, अंबिकापुर में गुरुचरण सिंह तथा जगदलपुर में रामनारायण ताटी के नेतृत्व में संभागीय आयुक्तों को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।

प्रांताध्यक्ष वीरेंद्र नामदेव ने कहा कि पेंशनरों ने अपने पूरे सेवाकाल में राज्य और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली महंगाई राहत कोई अनुग्रह नहीं, बल्कि उनके अधिकारों से जुड़ा विषय है। उन्होंने राज्य शासन से जनवरी 2026 से देय 2 प्रतिशत डीआर का एरियर सहित भुगतान करने का आदेश शीघ्र जारी करने की मांग की। महासंघ के प्रदेश महामंत्री अनिल गोल्हानी एवं प्रवीण कुमार त्रिवेदी सहित संगठन के पदाधिकारियों ने प्रदेश के सभी जिला अध्यक्षों, संभागीय एवं जिला पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों तथा पेंशनर साथियों से 19 अगस्त के कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।