रायपुर में अलग-अलग मामलों में बैंक धोखाधड़ी, मोबाइल लूट, वाहन चोरी और शराब जब्ती की कार्रवाई

Follow Us

रायपुर । राजधानी रायपुर में पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में धोखाधड़ी, लूट, वाहन चोरी और अवैध शराब के मामलों में कार्रवाई की है। गांज थाना क्षेत्र में एक्सिस बैंक के एक खाताधारक के खाते से करीब 14.97 लाख रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर करने का मामला सामने आया है। वहीं पुरानीबस्ती थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन चालक द्वारा महिला का बैग ले जाने, खमतराई में एक्टिवा चोरी और अवैध शराब रखने के मामले दर्ज किए गए हैं।

० बैंक खाते से 14.97 लाख रुपये ट्रांसफर
गांज थाना में दर्ज अपराध के अनुसार, एक्सिस बैंक शाखा देवेंद्र नगर, जेल रोड में उपप्रबंधक के पद पर कार्यरत आरोपी ने कथित तौर पर खाताधारक सुषमा कुमार के खाते में दर्ज मोबाइल नंबर को बदलने के लिए फर्जी कस्टमर रिक्वेस्ट फॉर्म का इस्तेमाल किया। इसके बाद खाते से 14,97,451 रुपये आरोपी योगेश येडे के खाते में ट्रांसफर किए जाने का आरोप है। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


Read more :-  बेटी ने पिता को दी मुखाग्नि, अंतिम विदाई के वक्त भावुक हुआ पूरा शहर


० राइड बुक कर घर जा रही महिला का बैग ले गया चालक
पुरानीबस्ती थाना क्षेत्र में भीम नगर के पास 16 अगस्त की शाम एक महिला के साथ बैग ले जाने का मामला सामने आया। शिकायत के अनुसार, महिला ने सिविल लाइन से भीम नगर स्थित अपने घर जाने के लिए रैपिडो बुक की थी। घटनास्थल पर उतरने के बाद अज्ञात रैपिडो मोटरसाइकिल चालक महिला के हाथ में रखा बैग लेकर फरार हो गया। बैग में दो मोबाइल फोन सहित अन्य सामान रखा था। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

० भनपुरी चौक से एक्टिवा चोरी
खमतराई थाना क्षेत्र के भनपुरी चौक के पास खड़ी होंडा एक्टिवा क्रमांक सीजी 04-एचके-2912 चोरी हो गई। वाहन की कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

० 70 पाव शराब जब्त
खमतराई पुलिस ने व्यास तालाब के पास अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के कब्जे से 38 पाव देशी शराब और 32 पाव गोल्डन गोवा अंग्रेजी शराब, कुल 70 पाव शराब जब्त की। जब्त शराब की कीमत करीब 7,640 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की है।