० सभापति सूर्यकान्त राठौड़, पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी समेत जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने प्रतिमा पर अर्पित किए श्रद्धासुमन
रायपुर। वीरांगना रानी अवंति बाई लोधी की 195वीं जयंती के अवसर पर राजधानी रायपुर के जिला अस्पताल पंडरी परिसर स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। रायपुर नगर निगम के संस्कृति विभाग और जोन क्रमांक 3 के सहयोग से हुए इस आयोजन में जनप्रतिनिधियों, लोधी समाज के पदाधिकारियों, महिलाओं, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों और आम लोगों ने वीरांगना को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। कार्यक्रम में नगर निगम रायपुर के सभापति सूर्यकान्त राठौड़, पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी, संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी, पूर्व पार्षद डॉ. प्रमोद साहू, मोहन उपारकर सहित लोधी समाज के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
Read more :- मुल्ला कैंप में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह विशेष रूप से यादगार रहा
परिवार और राजपाठ की जिम्मेदारी संभाली : सूर्यकान्त राठौड़
नगर निगम सभापति सूर्यकान्त राठौड़ ने कहा कि रानी अवंति बाई लोधी का जीवन साहस और संघर्ष की प्रेरणादायक मिसाल है। पति के निधन के बाद उन्होंने परिवार की जिम्मेदारी संभालने के साथ रामगढ़ क्षेत्र के शासन का दायित्व भी पूरी निष्ठा से निभाया। उन्होंने कहा कि 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान रानी अवंति बाई ने अंग्रेजी सेना के खिलाफ अदम्य साहस दिखाया और कई मौकों पर उन्हें पीछे हटने के लिए मजबूर किया। अंग्रेजी सेना द्वारा घेर लिए जाने के बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी और अंतिम समय तक वीरता से मुकाबला किया।
राठौड़ ने कहा कि रानी अवंति बाई ने अंग्रेजों के सामने आत्मसमर्पण करने के बजाय रणभूमि में वीरगति को चुना। उनका बलिदान, देशभक्ति और अद्भुत साहस आज भी समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी है।
शौर्य और बलिदान को किया याद
संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी और पूर्व पार्षद डॉ. प्रमोद साहू ने भी रानी अवंति बाई लोधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने वीरांगना के साहस, रणकौशल और देश के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके योगदान को नमन किया। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने रानी अवंति बाई लोधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उपस्थित लोगों ने उनके संघर्ष, वीरता और बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया।
