खमतराई पुलिस की त्वरित कार्रवाई, हत्या के प्रकरण में 3 आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, शव सीमेंट पाइप के अंदर से बरामद

Follow Us

रायपुर। प्रोएक्टिव पुलिसिंग के तहत थाना खमतराई पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले को चंद घंटों में सुलझा लिया। बंजारी नगर रावांभाठा में 6 अगस्त की रात आपसी विवाद के बाद दोस्तों द्वारा रॉड और सीमेंट के टुकड़े से पीट-पीटकर हत्या किए गए 22 वर्षीय पवन टंडन के मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने शव को 300 मीटर दूर सीमेंट पाइप लाइन के अंदर 12 फीट गहराई में छिपा दिया था। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन और डीसीपी उत्तर दीपमाला कश्यप के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में हत्या में प्रयुक्त रॉड, सीमेंट का टुकड़ा और कपड़े भी जब्त किए गए हैं।

शराब के बाद हुआ विवाद, बेरहमी से की हत्या
पुलिस के अनुसार मृतक पवन टंडन निवासी रावनभाटा, आरोपी समीर खान, प्रकाश यादव और सूरज यादव तीनों आपस में दोस्त थे। दिनांक 06.08.2026 की रात 10 से 12 बजे के बीच चारों बांधा तालाब सूखा मैदान बंजारी नगर में बैठकर शराब पी रहे थे। रात 1 से 1:30 बजे के बीच मृतक पवन से मामूली वाद-विवाद हो गया। इसी दौरान आरोपी समीर खान ने लोहे की रॉड से पवन के सिर पर वार किया। इसके बाद प्रकाश यादव ने पास में पड़े सीमेंट क्रांक्रिट के बड़े टुकड़े से सिर पर वार किया और सूरज यादव ने गला दबाया। इसके बाद समीर ने फिर से 2-3 बार सीमेंट के टुकड़े से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।

शव को पाइप लाइन में छिपाया
हत्या के बाद तीनों ने पकड़े जाने के डर से पवन के शव को उठाकर घटना स्थल से लगभग 300 मीटर दूर बने सीमेंट पाइप लाइन के अंदर 12 फीट अंदर छिपा दिया।

मुखबीर से सूचना मिलने पर थाना खमतराई पुलिस ने संदेह के आधार पर तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ी पूछताछ में तीनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और शव बरामद कराया। मौके पर एफएसएल टीम और परिजनों को बुलाकर शिनाख्त कराई गई। परिजनों ने बताया कि वे पिछले दो दिनों से पवन की तलाश कर रहे थे।

अपराध पंजीबद्ध, सामान जब्त
मृतक के चचेरे भाई प्रकाश भट्ट की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 752/2026 धारा-103(1), 238, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त रॉड, सीमेंट का बड़ा टुकड़ा और आरोपियों के कपड़े जब्त कर लिए हैं।

गिरफ्तार आरोपी:
1. समीर खान पिता आबित खान, उम्र 19 वर्ष, निवासी शिव मंदिर के पास बंजारी नगर रावांभाठा
2. प्रकाश यादव उर्फ दादु पिता देवनाथ यादव, उम्र 18 वर्ष, निवासी बंजारी नगर तालाब पार रावांभाठा
3. सूरज यादव पिता रामजी यादव, उम्र 19 वर्ष, निवासी बंजारी नगर शिव मंदिर के पास बांधा पारा रावांभाठा