‘मुसाफिर कैफे’ की अधूरी कहानी होगी पूरी, विक्रांत मैसी की सीरीज के दूसरे सीजन का ऐलान

Follow Us

मुंबई। विक्रांत मैसी, महिमा मकवाना और वेदिका पिंटो स्टारर रोमांटिक सीरीज ‘मुसाफिर कैफे’ के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। नेटफ्लिक्स ने सीरीज के दूसरे सीजन का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। पहले सीजन की अधूरी कहानी और अनसुलझे सवालों को अब नए सीजन में आगे बढ़ाया जाएगा। ‘मुसाफिर कैफे’ का पहला सीजन 24 जुलाई 2026 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुआ था। रोमांटिक ड्रामा पर आधारित इस सीरीज को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला। कहानी ऐसे मोड़ पर खत्म हुई थी, जहां कई सवालों के जवाब बाकी रह गए थे, जिसके बाद फैंस लंबे समय से दूसरे सीजन का इंतजार कर रहे थे।

नेटफ्लिक्स ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर ‘मुसाफिर कैफे 2’ की घोषणा की। वीडियो में पहले सीजन के खास पलों की झलक दिखाई गई है। अंत में विक्रांत मैसी, महिमा मकवाना और वेदिका पिंटो दूसरे सीजन की वापसी की जानकारी देते नजर आते हैं। नेटफ्लिक्स ने पोस्ट के साथ लिखा, “अधूरी मोहब्बत की कहानी को पूरा करने, ये मुसाफिर वापस लौटेंगे।” हालांकि, दूसरे सीजन की रिलीज डेट का खुलासा अभी नहीं किया गया है। ‘मुसाफिर कैफे 2’ में चंदर, सुधा और प्रीति की कहानी को आगे बढ़ाया जाएगा। दर्शक इन किरदारों के रिश्तों, भावनाओं और उन सवालों के जवाबों का इंतजार कर रहे हैं, जो पहले सीजन के अंत में अधूरे रह गए थे।

नेटफ्लिक्स इंडिया की सीरीज हेड तान्या बामी ने कहा कि ‘मुसाफिर कैफे’ ने दर्शकों के बीच खास जगह बनाई है। उन्होंने बताया कि किरदारों, कहानी, डायलॉग्स और म्यूजिक को लेकर दर्शकों में काफी चर्चा हुई और अब टीम कहानी को अगले पड़ाव तक ले जाने के लिए उत्साहित है। रुचिर अरुण के निर्देशन में बनी यह सीरीज दिव्य प्रकाश दुबे के इसी नाम के उपन्यास पर आधारित है। इसे जय सुब्रमण्यम, अनुज गोसालिया और विक्रांत मैसी ने प्रोड्यूस किया है। सीरीज में आदिल हुसैन, राजीव सिद्धार्थ, अनुभा फतेहपुरिया, सादिया सिद्दीकी और लवलीन मिश्रा जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।