रायपुर। फ्रेंडशिप डे के अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मो डिवाज और रोटरी क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मोलॉजिकल ने संयुक्त रूप से कचना स्थित रहेजा निरवाना में विशेष पौधरोपण अभियान का आयोजन किया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम ‘रूटेड इन फ्रेंडशिप’ रखी गई, जिसके माध्यम से मित्रता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में रोटरी क्लब के सदस्यों, उनके परिवारों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान रहेजा निरवाना के सहयोग से 2,500 पौधे लगाने की दीर्घकालिक परियोजना की शुरुआत की गई।
अभियान के पहले चरण में क्लब के सदस्यों और बच्चों ने 300 पौधे लगाए। आयोजकों ने बताया कि जिस तरह पौधों को बढ़ने के लिए नियमित देखभाल की जरूरत होती है, उसी तरह सच्ची मित्रता भी समय और अपनापन मिलने पर मजबूत होती है। परियोजना के तहत शेष पौधों का रोपण रहेजा निरवाना द्वारा क्लब के सहयोग से चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।
पौधरोपण के बाद फ्रेंडशिप फेलोशिप कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें सदस्यों ने विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों, खेलों और सामूहिक संवाद के साथ फ्रेंडशिप डे का आनंद लिया। इस दौरान सभी ने पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता का संकल्प भी लिया। आयोजकों का कहना है कि 2,500 पौधों का यह अभियान न केवल हरियाली बढ़ाने में योगदान देगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक हरित विरासत भी तैयार करेगा।
