यरूशलम। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारत के साथ रिश्तों को लेकर सकारात्मक बयान दिया है। उन्होंने कहा कि, भारत इजराइल का महत्वपूर्ण साझेदार है और दोनों देशों के संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए नेतन्याहू ने उन्हें अपना मित्र बताते हुए कहा कि, दोनों देश रणनीतिक सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।
नेतन्याहू ने कहा कि, बदलते वैश्विक हालात में मजबूत अंतरराष्ट्रीय साझेदारी बेहद जरूरी है और भारत इस दिशा में इजराइल के सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में शामिल है। उन्होंने यह भी कहा कि, भारत की जनता और नेतृत्व से उन्हें लगातार सकारात्मक समर्थन मिला है, जिसकी वह सराहना करते हैं।
भारत और इजराइल के बीच रक्षा, कृषि, तकनीक, साइबर सुरक्षा, नवाचार और व्यापार जैसे क्षेत्रों में सहयोग लगातार बढ़ा है। पिछले कुछ वर्षों में दोनों देशों के बीच कई अहम समझौते हुए हैं, जिससे द्विपक्षीय संबंध और मजबूत बने हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि, मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में भारत और इजराइल की रणनीतिक साझेदारी आने वाले समय में रक्षा, तकनीक और आर्थिक सहयोग के नए अवसर पैदा कर सकती है।
