इस्लामाबाद। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में हिंदू समुदाय के अधिकारों को लेकर एक बड़ा अभियान शुरू करने की घोषणा की गई है। ऑल बाल्मिक हिंदू कम्युनिटी खैबर पख्तूनख्वा (ABHCKP) ने प्रांत में जागरूकता अभियान चलाने का फैसला किया है। संगठन ने अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए पाकिस्तान सरकार के साथ-साथ संयुक्त राष्ट्र (UN) और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं से भी समर्थन मांगा है।
ABHCKP का कहना है कि, संविधान में अल्पसंख्यकों को दिए गए अधिकारों को जमीन पर पूरी तरह लागू करने की जरूरत है। संगठन ने समान अवसर, कानूनी सुरक्षा और धार्मिक स्वतंत्रता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है। कोहाट जिले में हुई बैठक में अल्पसंख्यक अधिकार कार्यकर्ता हारून सरब दयाल को सर्वसम्मति से संगठन का अध्यक्ष चुना गया। बैठक में समुदाय के प्रतिनिधियों के अलावा धार्मिक नेता, वकील, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षक, कारोबारी और युवा भी शामिल हुए।
हारून सरब दयाल ने कहा कि, अब अभियान के जरिए पूरे प्रांत में लोगों तक पहुंच बनाई जाएगी। इसमें युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। संगठन ने पाकिस्तान के संविधान के अनुच्छेद 9, 10, 20, 25, 27 और 36 में दिए गए अल्पसंख्यक अधिकारों को प्रभावी रूप से लागू करने की मांग की है। 2023 की जनगणना के अनुसार खैबर पख्तूनख्वा में हिंदू आबादी करीब 5 हजार के आसपास है।
