रायपुर में उमस ने बढ़ाई बेचैनी, आज कई जिलों में झमाझम बारिश- बिजली गिरने का अलर्ट

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, लेकिन राजधानी रायपुर में बादल छंटने के बाद उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बीते तीन दिनों से अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है।

बारिश के आंकड़ों में दोरनापाल, भिलाईगढ़ और जगरगुंडा में सबसे अधिक 4-4 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं कटेकल्याण और सुकमा में 3-3 सेंटीमीटर तथा सरिया, धनोरा और नया बाराद्वार में 2-2 सेंटीमीटर बारिश हुई। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मानसून द्रोणिका और दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश में नमी बनी हुई है, जिससे अगले दो दिनों तक मौसम का यही मिजाज रहने की संभावना है।

रायपुर में आज अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, जीपीएम और मुंगेली समेत कई जिलों में यलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।