राम कपूर ने सुनाई मौत के डर से जंग की कहानी, बोले- डॉक्टरों ने दिए थे सिर्फ 6 महीने; पत्नी को भी नहीं थी भनक

Follow Us

मुंबई। अभिनेता राम कपूर ने रियलिटी शो ‘लॉकअप 2’ में अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक ऐसा राज साझा किया, जिसने सभी को भावुक कर दिया। उन्होंने खुलासा किया कि एक समय उनकी सेहत इतनी खराब हो चुकी थी कि डॉक्टरों ने उन्हें चेतावनी दी थी कि अगर उन्होंने अपनी जीवनशैली नहीं बदली तो अगले छह महीने उनके लिए बेहद मुश्किल हो सकते हैं। हैरानी की बात यह रही कि उन्होंने यह बात अपनी पत्नी गौतमी कपूर से भी छिपाकर रखी थी।

राम कपूर ने बताया कि उस दौरान वह मानसिक रूप से भी बेहद कठिन दौर से गुजर रहे थे। बढ़ा हुआ वजन उनकी पहचान बन चुका था और उसी वजह से उन्हें टीवी इंडस्ट्री में लगातार सफलता मिल रही थी। लेकिन दूसरी ओर उनकी सेहत लगातार बिगड़ती जा रही थी। उन्होंने कहा कि उनका ब्लड शुगर लेवल 400 से 600 के बीच रहता था और उन्हें दिन में तीन बार इंसुलिन लेना पड़ता था। इसके बावजूद वह रोजाना करीब 14 घंटे तक काम करते थे। करियर की सफलता के कारण वह अपनी सेहत को नजरअंदाज करते रहे, लेकिन डॉक्टरों की चेतावनी के बाद उन्होंने अपनी जिंदगी बदलने का फैसला लिया।

राम कपूर ने बताया कि उन्होंने अनुशासित दिनचर्या, संतुलित खानपान और नियमित एक्सरसाइज की मदद से खुद को फिट बनाया। उनका कहना है कि सही समय पर लिया गया फैसला ही उनकी जिंदगी बचाने की सबसे बड़ी वजह बना। इससे पहले भी शो में राम कपूर ने अपने पिता से जुड़ा भावुक किस्सा साझा किया था। उन्होंने बताया था कि कैंसर दोबारा होने पर उनके पिता ने इलाज नहीं कराने का फैसला लिया था और उन्होंने उस निर्णय में अपने पिता का पूरा साथ दिया।