सोने की बाली खोजने टोटके का सहारा लेना पड़ा भारी, वीडियो वायरल होते ही शिक्षिका निलंबित

Follow Us

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक प्राथमिक स्कूल की शिक्षिका को अंधविश्वास से जुड़े कथित कृत्य के मामले में निलंबित कर दिया गया है। बलौदा विकासखंड के काठापाली प्राथमिक शाला में पदस्थ शिक्षिका गीता कुम्भकार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह सोने की बाली खोजने के लिए टोटके का इस्तेमाल करती नजर आ रही थीं।

जानकारी के अनुसार, 31 जुलाई को स्कूल में शिक्षिका की सोने की बाली गुम हो गई थी। उसे खोजने के लिए शिक्षिका ने लाल कपड़ा, मौली धागा, नारियल और चावल जैसी सामग्री का उपयोग किया। आरोप है कि इस दौरान बच्चों से पूछताछ करते हुए उन्हें डराने की कोशिश भी की गई। बच्चों को बाली के बारे में जानकारी नहीं देने पर पेट दर्द, बीमारी, बुखार और अनहोनी जैसी बातों का भय दिखाने का मामला सामने आया।

वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया और जिला शिक्षा अधिकारी ने शिक्षिका के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की। विभाग का कहना है कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों के मानसिक विकास और वैज्ञानिक सोच पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकती हैं। वहीं, निलंबन आदेश को लेकर एक प्रशासनिक त्रुटि भी सामने आई है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जारी आदेश में घटना की तारीख 31/7/2026 की जगह गलती से 31/8/2026 दर्ज हो गई है। इस गलती को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। फिलहाल शिक्षा विभाग मामले की आगे की कार्रवाई कर रहा है और शिक्षिका के खिलाफ विभागीय जांच की प्रक्रिया जारी है।s