मुंबई। निर्देशक साजिद अली की आगामी फिल्म ‘हीर रांझा’ को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही हैं। हाल ही में ऐसी खबरें सामने आई थीं कि अभिनेता रोहित सराफ फिल्म में लीड रोल निभा सकते हैं और जल्द ही इसकी शूटिंग शुरू होने वाली है। अब साजिद अली ने इन अटकलों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में साजिद अली ने कहा, “अभी तक कुछ भी फाइनल नहीं हुआ है। यह पुरानी खबर फिर से सामने आ गई है, पता नहीं कहां से।” उन्होंने स्पष्ट किया कि फिल्म की कास्टिंग अभी पूरी नहीं हुई है।
निर्देशक ने यह भी बताया कि फिल्म की फीमेल लीड भी अभी तय नहीं की गई है। नई अभिनेत्री को लेने की चर्चा जरूर है, लेकिन इस पर अंतिम फैसला होना बाकी है। साजिद अली के मुताबिक, फिल्म की शूटिंग अक्टूबर के मध्य से शुरू होगी। उन्होंने बताया कि इसकी शूटिंग देहरादून में की जाएगी। उन्होंने कहा, “अभी ज्यादा बात करने जैसा कुछ नहीं है, लेकिन हम अक्टूबर के बीच में शूटिंग शुरू करेंगे।”
बताया जा रहा है कि साजिद अली के निर्देशन में बनने वाली ‘हीर रांझा’, ‘लैला मजनू’ की सिनेमाई दुनिया को आगे बढ़ाने वाली फिल्म होगी। मेकर्स का कहना है कि यह क्लासिक प्रेम कहानी को आधुनिक अंदाज में पेश करेगी और नई पीढ़ी के दर्शकों के लिए एक भावनात्मक और काव्यात्मक सिनेमाई अनुभव लेकर आएगी।

