ट्रेन में एक्स्ट्रा लगेज ले जाना हुआ बेहद आसान: टिकट बुकिंग के साथ ही ऑनलाइन बुक कर सकेंगे अतिरिक्त सामान

Follow Us

मुंबई। रेल यात्रियों की यात्रा को और अधिक आरामदायक बनाने के लिए भारतीय रेलवे ने एक शानदार डिजिटल पहल शुरू की है। अब यात्री टिकट बुक करते समय ही अपने अतिरिक्त सामान (Extra Luggage) की ऑनलाइन बुकिंग और भुगतान कर सकेंगे। इस नई सेवा से यात्रियों को अब स्टेशन पर पार्सल काउंटर के चक्कर काटने और लंबी कतारों में खड़े होने से पूरी तरह मुक्ति मिल जाएगी।

रेलवे के अनुसार, यह सुविधा केवल कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों को मिलेगी। एसी फर्स्ट क्लास, एसी 2-टियर, स्लीपर और सेकेंड क्लास के यात्री अपनी श्रेणी के अनुसार निर्धारित सीमा तक अतिरिक्त सामान बुक कर सकते हैं। उदाहरण के लिए, स्लीपर क्लास में 40 किलो सामान मुफ्त है और शुल्क देकर इसे 80 किलो तक बढ़ाया जा सकता है। वहीं एसी फर्स्ट क्लास में अधिकतम 150 किलो तक सामान ले जाने की छूट होगी।

हालाँकि, एसी 3-टियर और एसी चेयर कार के यात्रियों को यह विकल्प नहीं मिलेगा, क्योंकि इनमें मुफ्त और अधिकतम सीमा (40 किलोग्राम) एक समान है। वजन के अलावा रेलवे ने सामान के आकार के नियम भी तय किए हैं। रेलवे के इस कदम से डिजिटल बुकिंग को बढ़ावा मिलेगा और यात्रियों का सफर पहले से ज्यादा झंझट-मुक्त हो जाएगा।