छत्रपति संभाजीनगर। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के फाउंडर अभिजीत दिपके की अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले थे, लेकिन कार्यक्रम से पहले ही उन्हें उल्टी होने लगी। इसके बाद वह बिना मीडिया से बातचीत किए वापस अपने घर लौट गए। हालत खराब होने पर उनके घर पर डॉक्टर को बुलाया गया। जानकारी के अनुसार, अभिजीत दिपके अपने घर के बाहर मीडिया से बातचीत करने वाले थे। वह नियमित रूप से पत्रकारों से संवाद करते रहे हैं और उनके बयान का इंतजार किया जा रहा था। जैसे ही वह घर से बाहर आए, अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई और उन्हें उल्टी होने लगी।
तबीयत बिगड़ने के बाद दिपके ने मीडिया से कोई चर्चा नहीं की और सीधे घर के अंदर चले गए। इसके बाद परिवार और समर्थकों ने तुरंत डॉक्टर को बुलाया। फिलहाल डॉक्टर उनके घर पर ही उनकी जांच और इलाज कर रहे हैं। अभी तक उनकी तबीयत खराब होने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। डॉक्टरों की जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। घटना के बाद उनके समर्थकों में चिंता का माहौल है।
बता दें कि इससे पहले दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दिपके की तबीयत खराब हुई थी और उन्हें टाइफाइड होने की जानकारी सामने आई थी। डॉक्टरों ने उन्हें आराम की सलाह दी थी, लेकिन प्रदर्शन के चलते वह मौके पर मौजूद रहे थे।
