जम्मू-कश्मीर। दक्षिण कश्मीर स्थित कुलगाम जिले के केल्लाम इलाके में शुक्रवार शाम आतंकियों ने दो गैर-स्थानीय मजदूरों पर गोलीबारी कर दी। इस आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के रहने वाले एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हमलावरों की तलाश के लिए व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, हमला शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे हुआ। आतंकियों ने केल्लाम क्षेत्र में मौजूद दो गैर-कश्मीरी मजदूरों को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायरिंग की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इलाके में 3 से 4 राउंड गोलियां चलने की आवाजें सुनी गईं, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
गोलीबारी में घायल दोनों मजदूरों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान छत्तीसगढ़ निवासी दीपक ने दम तोड़ दिया, जबकि घायल भोपिंदर की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) अनंतनाग रेफर किया गया है। अस्पताल में उसका इलाज जारी है। घटना के तुरंत बाद पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी।
हमलावर आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। सुरक्षा बल आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाकर हमले में शामिल आतंकियों का पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं। फिलहाल हमले की जिम्मेदारी किसी आतंकी संगठन ने नहीं ली है। सुरक्षा एजेंसियां सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही हैं। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत सुरक्षा बलों को देने की अपील की है।
