मुंबई। टीवी और ओटीटी की लोकप्रिय अभिनेत्री करिश्मा तन्ना और उनके पति वरुण बंगेरा के घर खुशियों ने दस्तक दी है। करिश्मा ने 29 जुलाई 2026 को बेटे को जन्म दिया है। इस खुशखबरी को अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट के जरिए अपने प्रशंसकों के साथ साझा किया, जिसके बाद फैंस और मनोरंजन जगत के सितारों ने उन्हें बधाइयां दीं। करिश्मा ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “गुरु पूर्णिमा के पवित्र दिन पर जन्म हुआ… हमारा सबसे बड़ा आशीर्वाद हमारे बीच है। 29 जुलाई 2026। हमारी दुनिया में तुम्हारा स्वागत है, नन्हे मेहमान।”इस पोस्ट के साथ उन्होंने अपनी खुशी का इजहार किया।
करिश्मा ने 6 अप्रैल 2026 को अपनी प्रेग्नेंसी की घोषणा की थी। गर्भावस्था के दौरान वह सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय रहीं और अपने मैटरनिटी फोटोशूट की तस्वीरें भी साझा करती रहीं, जिन्हें फैंस ने खूब पसंद किया। करिश्मा तन्ना और वरुण बंगेरा ने 5 फरवरी 2022 को मुंबई में निजी समारोह में शादी की थी। बेटे के जन्म के साथ उनके परिवार में नई खुशियां जुड़ गई हैं। वर्कफ्रंट की बात करें तो करिश्मा तन्ना ने साल 2001 में टीवी शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ से अभिनय की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने कई टीवी शोज, रियलिटी शोज, फिल्मों और ओटीटी प्रोजेक्ट्स में अपनी शानदार अदाकारी से अलग पहचान बनाई है।
