कोलकाता। पश्चिम बंगाल STF को आतंकवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। STF ने पूर्वी बर्दवान जिले के बर्दवान शहर से जैश-ए-मोहम्मद के एक कथित ऑपरेटिव को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हावड़ा निवासी हमीम मंडल के रूप में हुई है, जो दर्जी का काम करता था और जांच एजेंसियों के अनुसार आतंकी नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। जांच एजेंसियों का दावा है कि हमीम मंडल पिछले कुछ समय से सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में था। उसके मोबाइल फोन की जांच में पाकिस्तान में मौजूद कुछ संपर्कों से बातचीत के संकेत मिलने की बात सामने आई है। पुलिस उसके संभावित संबंधों और नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।
STF के अनुसार, आरोपी पर आरोप है कि वह पश्चिम बंगाल के कुछ प्रमुख राजनीतिक नेताओं की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। इसमें विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी समेत बीजेपी के कुछ बड़े नेताओं की रेकी किए जाने की आशंका जताई गई है। पुलिस मुख्यमंत्री की सुरक्षा से जुड़े संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, हमीम पहले हावड़ा के पिलखाना इलाके में रहता था और वहां दर्जी का काम करता था। वह वर्दियां सिलने के काम से भी जुड़ा हुआ था। बाद में वह बर्दवान चला गया था। पूछताछ के दौरान उससे आतंकी संगठन से जुड़े संभावित संपर्कों और गतिविधियों को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।
आरोपी को जल्द ही पूर्वी बर्दवान की स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा। इसके बाद आगे की पूछताछ के लिए उसे कोलकाता लाया जा सकता है। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि पूछताछ में आतंकी नेटवर्क से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं। वहीं, पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री उमेश राय ने कहा कि राज्य में देश विरोधी और अलगाववादी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां लगातार ऐसे मामलों पर कार्रवाई कर रही हैं।
