बंगाल में बड़ी कार्रवाई: पूर्व बस ड्राइवर के ठिकाने से करोड़ों की नकदी और 15 किलो सोना बरामद, जांच तेज

Follow Us

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई के दौरान एक पूर्व बस ड्राइवर के घर से भारी मात्रा में नकदी और सोना बरामद होने से हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, शुरुआती तलाशी में करोड़ों रुपये नकद मिले, जबकि गिनती पूरी होने पर बरामद रकम 28 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गई। इसके साथ ही करीब 15 किलो सोना भी जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 21 करोड़ रुपये बताई जा रही है। कुल बरामदगी करीब 49 करोड़ रुपये आंकी गई है।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी मिनार मंडल पहले बस ड्राइवर था और बाद में पत्थर के कारोबार से जुड़ गया। पुलिस का दावा है कि, वह कारोबारी तुलु मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन का रिश्तेदार है। पूछताछ में आरोपी ने बरामद नकदी और सोने को कथित तौर पर एक अवैध सिंडिकेट से जुड़ा बताया, जिसके बाद जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है। इतनी बड़ी मात्रा में नकदी मिलने के कारण नोटों की गिनती में कई घंटे लगे।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, लगातार गिनती के दौरान कई करेंसी काउंटिंग मशीनें भी जवाब दे गईं। फिलहाल पुलिस धन के स्रोत, कथित अवैध कारोबार और इससे जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। मामले के सामने आने के बाद राज्य की राजनीति भी गर्मा गई है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद संपत्ति का वास्तविक मालिक कौन है और इसके पीछे किस नेटवर्क की भूमिका रही।