थेरेपी विवाद पर शहनाज़ गिल ने तोड़ी चुप्पी, बोलीं- मेरी बातों का गलत मतलब निकाला गया

Follow Us

मुंबई। अभिनेत्री शहनाज़ गिल ने थेरेपी को लेकर दिए गए अपने बयान पर हुई आलोचना और ट्रोलिंग को लेकर पहली बार खुलकर अपनी बात रखी है। अपनी अपकमिंग फिल्म ‘इश्कनामा  के प्रमोशन के दौरान एक खास बातचीत में शहनाज़ ने कहा कि उनकी बातों को गलत समझा गया और उनका मकसद किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था।

शहनाज़ ने बताया कि कई बार वह जो कहना चाहती हैं, उसे सही तरीके से व्यक्त नहीं कर पातीं, जिसकी वजह से उनकी बातों का अलग अर्थ निकाल लिया जाता है। उन्होंने कहा कि कुछ सवाल ऐसे होते हैं, जिनके पीछे विवाद पैदा करने की मंशा होती है, लेकिन उन्होंने अब ट्रोलिंग को अपनी जिंदगी का हिस्सा मान लिया है।

एक्ट्रेस ने यह भी खुलासा किया कि ट्रोल होने के डर से वह मीडिया इंटरव्यू देने से बचती रही हैं। उन्होंने कहा कि वह ईमानदारी से जवाब देती हैं, लेकिन कई बार उसी वजह से उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ता है। हालांकि, फिल्म के प्रमोशन के लिए मीडिया से जुड़ना जरूरी है क्योंकि यही माध्यम कलाकारों को दर्शकों से जोड़ता है।

शहनाज़ ने कहा कि सेलेब्रिटीज की बातों को लोग अक्सर गलत समझ लेते हैं, क्योंकि हर कोई उनके व्यक्तित्व और भावनाओं को नहीं जानता। उन्होंने कहा कि हर विवाद से सीख लेकर आगे बढ़ना ही बेहतर है।