घर से निकले 30 सपोले, पूरी रात दहशत में रहा परिवार

Follow Us

सिद्धार्थनगर (यूपी)। जिले के बर्डपुर ब्लॉक अंतर्गत करीमपुर महापाली गांव में एक घर से 30 सांप के बच्चे (सपोले) निकलने से परिवार और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर स्नेक कैचर मौके पर पहुंचा और घर के अलग-अलग हिस्सों की तलाशी लेकर सभी सपोलों का सुरक्षित रेस्क्यू किया।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात अजय गुप्ता के घर में सबसे पहले एक सपोला दिखाई दिया। परिवार ने उसे बाहर निकाला, लेकिन कुछ ही देर बाद दूसरा और फिर लगातार कई सपोले निकलने लगे। स्थिति को देखते हुए परिवार ने रातभर घर के उस हिस्से में जाने से परहेज किया और सुबह स्नेक कैचर को बुलाया।

स्नेक कैचर ने घर की बारीकी से जांच कर कुल 30 सपोलों को पकड़कर सुरक्षित डिब्बे में रखा और बाद में उन्हें जंगल में छोड़ दिया। माना जा रहा है कि घर के किसी हिस्से में सांप के अंडे फूटने के कारण एक साथ इतने सपोले बाहर आए। हालांकि, उनके निकलने के सटीक स्थान का पता नहीं चल सका। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।