खड़गपुर। देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी खड़गपुर से एक दुखद खबर सामने आई है। संस्थान के एक असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. पुल्लागुरम का शव उनके सरकारी क्वार्टर में मिला। घटना के बाद पूरे कैंपस में शोक और चिंता का माहौल है। जानकारी के मुताबिक, डॉ. पुल्लागुरम IIT खड़गपुर परिसर के क्वार्टर नंबर 2-बीआर-14 में अकेले रह रहे थे। बुधवार दोपहर पड़ोसियों को किसी अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद उन्होंने कैंपस सुरक्षा कर्मियों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्वार्टर खोलकर शव को बाहर निकाला और जांच शुरू की।
पुलिस ने शव को संस्थान के बी.सी. रॉय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी उनके परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने कमरे को सील कर फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। इस घटना ने IIT खड़गपुर में पिछले कुछ समय से हो रही असामान्य मौतों को लेकर फिर चिंता बढ़ा दी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, बीते दो वर्षों में संस्थान से जुड़ी कई ऐसी घटनाएं सामने आई हैं। संस्थान की ओर से छात्रों और कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए काउंसलिंग और सहायता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

