बाढ़ में फंसे परिवार के लिए देवदूत बनी नगर सेना, टॉर्च की रोशनी में 4 घंटे चला रेस्क्यू, 300 मवेशियों पर संकट

Follow Us

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में लगातार बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। इसी बीच सुहागपुर गांव के गौठान में फंसे एक परिवार को नगर सेना की टीम ने रातभर चले मुश्किल रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, अब भी करीब 300 गायें बाढ़ के पानी के बीच फंसी हुई हैं, जिन्हें बचाना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर से एक परिवार गौठान में पानी से घिरा हुआ था। सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन और नगर सेना की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन हालात इतने खराब थे कि पैदल जाना संभव नहीं था। इसके बाद रेस्क्यू बोट की मदद से अभियान शुरू किया गया।

करीब आधा किलोमीटर का रास्ता तय करते हुए जवानों ने अंधेरे में टॉर्च की रोशनी के सहारे परिवार तक पहुंच बनाई। कई मुश्किलों के बावजूद करीब चार घंटे की मेहनत के बाद पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इनमें छोटे बच्चे भी शामिल थे। परिवार के सुरक्षित पहुंचने पर मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। इससे पहले नगर सेना की टीम ने भिलाई के एक फार्म हाउस से भी तीन लोगों को रेस्क्यू किया था। फिलहाल प्रशासन की टीम सुहागपुर गौठान में फंसी गायों को सुरक्षित निकालने के प्रयास में जुटी है और पूरे हालात पर नजर रखी जा रही है।