राहुल गांधी के बयान पर लोकसभा में हंगामा, ‘इडियट’ शब्द को लेकर सत्ता-विपक्ष आमने-सामने

Follow Us

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र में एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान लोकसभा में उस समय जोरदार हंगामा हो गया, जब विपक्ष के नेता राहुल गांधी के एक बयान पर सत्तापक्ष ने आपत्ति जताई। राहुल गांधी ने अपने भाषण में छात्रों और युवाओं की समस्याओं का जिक्र करते हुए एक विवादित शब्द का इस्तेमाल किया, जिसके बाद सदन में बहस तेज हो गई।

राहुल गांधी ने कहा कि देश के छात्र लंबे समय तक मेहनत करते हैं, महंगी शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था जैसी चुनौतियों का सामना करते हैं। उन्होंने पेपर लीक जैसे मामलों को लेकर युवाओं की नाराजगी का मुद्दा उठाया और कहा कि छात्रों की आवाज को सुना जाना चाहिए। राहुल के बयान पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू समेत कई सांसदों ने विरोध जताया।

उन्होंने इस्तेमाल किए गए शब्द को आपत्तिजनक बताते हुए सदन की कार्यवाही से हटाने की मांग की। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि जो भी शब्द असंसदीय पाए जाएंगे, उन्हें रिकॉर्ड से हटाया जाएगा। इस दौरान सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। राहुल गांधी ने युवाओं के आंदोलन को लेकर सरकार पर सवाल उठाए, जबकि सत्ता पक्ष ने सदन की मर्यादा बनाए रखने की बात कही।