गैरेज संचालक पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, शराब के लिए पैसे नहीं देने पर की थी मारपीट

Follow Us

रायगढ़। जिले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत खरसिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शराब के लिए पैसे मांगने और विरोध करने पर गैरेज संचालक व उसके साथियों पर जानलेवा हमला करने वाले फरार आरोपी फैज खान उर्फ फैजान अहमद (25) को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का कड़ा भी बरामद कर जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 24 जनवरी 2026 की रात करीब 11 बजे ग्राम छोटे मुड़पार निवासी विनोद रायल (32) अपने दोस्त रोहन जांगड़े को कार से मौहापाली छोड़ने गया था। वापस लौटते समय मौहापाली मेन रोड पर आरोपी फैज खान अपने साथियों अमनप्रीत, करतार और फरीद के साथ पहुंचा और कार रुकवाकर शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा।

पैसे नहीं होने की बात कहने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की। इसी दौरान फैज खान ने लोहे के कड़े जैसे हथियार से विनोद रायल के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना में उसके साथ मौजूद रोहन जांगड़े और कुंज किशोर पटेल को भी चोटें लगी थीं।

मामले में खरसिया पुलिस चौकी में अपराध क्रमांक 34/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे, जिनकी तलाश पुलिस लगातार कर रही थी।

मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस को 28 जुलाई 2026 को आरोपी फैज खान के घर आने की जानकारी मिली। इसके बाद एएसआई मनोज पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर मारपीट में प्रयुक्त लोहे का कड़ा जब्त किया गया।

गिरफ्तार आरोपी फैज खान उर्फ फैजान अहमद, निवासी पुरानी बस्ती खरसिया को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, घटना में शामिल फरार आरोपी करतार और फरीद की तलाश में पुलिस टीम लगातार कार्रवाई कर रही है।